मुख्य सामग्री पर जाएँ
UPSC Saarthee

केस स्टडी पर UPSC के पिछले वर्षों के प्रश्न: 66 मुख्य परीक्षा प्रश्न (2016–2026)

Case studies

UPSC ने पिछले 11 वर्षों में केस स्टडी पर 66 प्रश्न पूछे हैं।

वर्षवार प्रश्न मुख्य
  1. 6 2016: 0 प्रारंभिक, 6 मुख्य
  2. 6 2017: 0 प्रारंभिक, 6 मुख्य
  3. 6 2018: 0 प्रारंभिक, 6 मुख्य
  4. 6 2019: 0 प्रारंभिक, 6 मुख्य
  5. 6 2020: 0 प्रारंभिक, 6 मुख्य
  6. 6 2021: 0 प्रारंभिक, 6 मुख्य
  7. 6 2022: 0 प्रारंभिक, 6 मुख्य
  8. 6 2023: 0 प्रारंभिक, 6 मुख्य
  9. 6 2024: 0 प्रारंभिक, 6 मुख्य
  10. 6 2025: 0 प्रारंभिक, 6 मुख्य
  11. 6 2026: 0 प्रारंभिक, 6 मुख्य

और PYQ का अभ्यास करें

आज का मुफ़्त PYQ चैलेंज लें — 10 प्रश्न, 12 मिनट, साइन-अप की ज़रूरत नहीं।

केस स्टडी पर मुख्य परीक्षा के प्रश्न

66 में से सबसे हाल के 10।

  1. मुख्य 2026 · GS Paper IV · 20 अंक

    लता, जो दो बच्चों की माँ है, उसे अचानक तेज़ पेट-दर्द के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी ननद सुजाता उसके साथ थी। डॉ० मानसी ने लता की जाँच की और एक डायग्नोस्टिक लैप्रोस्कोपी करवाने की सलाह दी। जेनरल ऐनेस्थीसिया देकर उपर्युक्त चिकित्सकीय प्रक्रिया के लिए लता की सहमति ली गई। लैप्रोस्कोपी करते हुए डॉ० मानसी की टीम को लता के गर्भाशय में ट्यूमर मिला। एक गहन जाँच से निकलकर आया कि यह ट्यूमर घातक हो सकता है। डॉ० मानसी के सामने एक विकल्प यह था कि ट्यूमर का एक नमूना बायोप्सी के लिए निकाला जाय। यदि बायोप्सी करने के बाद ट्यूमर घातक निकलता है, तो लता को एक और ऑपरेशन गर्भाशय निकालने के लिए करवाना होगा। दूसरा विकल्प यह था कि उसी समय गर्भाशय निकाल दिया जाय। डॉ० मानसी को यह निर्णय तत्काल लेना था। चूँकि लता जेनरल ऐनेस्थीसिया के कारण बेहोश थी, इसलिए डॉ० मानसी ने सुजाता को इस स्थिति से पूरी तरह अवगत कराया। डॉ० मानसी की सलाह से सुजाता सहमत थी कि हिस्टेरेक्टॉमी करके लता का गर्भाशय निकालना होगा, जिससे उसे एक दूसरे ऑपरेशन का खतरा और पीड़ा न हो। डॉ० मानसी ने सुजाता की लिखित सहमति लेने के बाद लता का गर्भाशय निकाल दिया। इसके बारे में अगले दिन लता को सूचित किया गया। वह बहुत विचलित हुई और उसे लगा कि उसके साथ धोखा हुआ है, क्योंकि गर्भाशय निकालने के लिए उसकी सहमति नहीं ली गई थी। लता ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने उसे समझाने की कोशिश की कि डॉ० मानसी ने सही इरादे से एक मरीज की मदद की है। सुजाता का भी यही विचार था, लेकिन लता इससे आश्वस्त नहीं थी और उसने न्यायालय जाने का निर्णय लिया। (a) इस प्रसंग से जुड़े नैतिक मुद्दों पर विचार कीजिए। (b) इस परिस्थिति में डॉक्टर के नैतिक आचरण पर विचार कीजिए।

  2. मुख्य 2026 · GS Paper IV · 20 अंक

    रवि एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी है, जिसे दंगा-नियंत्रण एवं साइबर-पुलिसिंग का विपुल अनुभव है। पिछले एक वर्ष से वह एक ऐसे ज़िले का पुलिस अधीक्षक (एस० पी०) है, जिसका लगातार दंगों का इतिहास है। पिछले वर्ष रवि ने अनुमानात्मक पुलिसिंग के लिए एक ए० आइ० (AI) सॉफ्टवेयर अपने ज़िले में लगवाया। यह प्रणाली लगभग छः महीनों से काम कर रही है। इस नई प्रणाली में भीड़ में मौजूद लोगों के बायोमेट्रिक आँकड़ों को संकलित करने और उन्हें शीघ्रता से एक डेटा भंडार से संबद्ध करने के लिए उन्नत ऐल्गोरिदम का उपयोग किया जाता है। इसने कई तरह के अपराधों में शामिल लोगों को चिह्नित करने में पुलिस की मदद की है। इस प्रणाली ने प्रवासी तथा निम्न-आय वर्ग के एक आवासीय क्षेत्र को सामूहिक हिंसा और नशीले पदार्थों की तस्करी के केंद्र के रूप में चिह्नित किया है। इस AI प्रणाली की सहायता से स्थानीय पुलिस ने अपनी गश्त, निवारक नज़रबंदी (प्रिवेन्टिव डिटेन्शन) और पुलिस नाके की व्यवस्था केन्द्रित की है। इसके फलस्वरूप सार्वजनिक व्यवस्था और कानून प्रवर्तन में सुधार स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। पिछले सप्ताह कुछ लोक-नेता, नागरिक अधिकारों के वकील, और मानवाधिकार कार्यकर्ता रवि से उसके कार्यालय में मिले। उन्होंने रवि को एक ज्ञापन दिया कि यह नई प्रणाली त्रुटिपूर्ण है, क्योंकि यह गलत ऐतिहासिक तथ्यों पर आधारित है, और सामाजिक पूर्वाग्रहों तथा भेदभावपूर्ण पुलिसिंग से प्रेरित है। ज्ञापन ने यह भी आरोप लगाया कि बढ़ी हुई निगरानी के कारण वहाँ के रहने वालों में एक तनाव व्याप्त है। यह भाव और बढ़ गया है, क्योंकि उस क्षेत्र में रहने वालों को नहीं पता कि किस प्रकार का डेटा उनके नाम से उसमें दर्ज है। (a) डेटा-आधारित पुलिसिंग में, AI के उपयोग में शामिल नैतिक मुद्दे और पूर्वाग्रह क्या-क्या हैं? (b) रवि के स्थान पर खुद को रखकर विचार कीजिए कि आपके समक्ष कौन-से विकल्प उपलब्ध हैं। यह बताइए कि चयनित विकल्प किस तरह नैतिकता के अधिक निकट है।

  3. मुख्य 2026 · GS Paper IV · 20 अंक

    सीमा एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हैं, जो अपनी सत्यनिष्ठा और व्यावसायिक कुशलता के लिए ख्यात हैं। हाल ही में उनकी नियुक्ति सुरेन्द्र नगर के ज़िलाधिकारी (डी० सी०) के रूप में हुई है, जहाँ एक बृहत् औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किया जा रहा है। इस नए औद्योगिक क्षेत्र में बहुत से किसानों ने भूमि उपयोग में परिवर्तन (सी० एल० यू०) के लिए आवेदन दिया है कि उनकी खेती की ज़मीन को आवासीय क्षेत्र में परिवर्तित किया जाय। इस तरह के आवेदनों की ऐसी भरमार है कि उनमें से अधिकांश का निस्तारण विलंबित है। सीमा ने लक्षित किया है कि उनमें से कुछ आवेदनों को, कालानुक्रमिक क्रम को अनदेखा करते हुए, मंजूरी दी गई है। इस मामले की फाइल में सीमा को कुछ ऐसी शिकायतें मिलीं, जिनमें कहा गया था कि कुछ आवेदकों से मंजूरी के बदले तगड़ी रिश्वत ली गई थी। संबंधित तथ्यों की अग्रिम जाँच से सीमा को ज्ञात हुआ कि कलेक्ट्रेट के कुछ अधीनस्थ अधिकारियों के साथ मिलकर दलालों का एक छोटा गिरोह इस ग़ैर-कानूनी गतिविधि को अंजाम दे रहा है। इस प्रकरण से बाकी कर्मचारी इतने भयभीत हो गए कि वे इन आवेदनों को अग्रसरित करने में घबराने लगे। इस प्रक्रिया में विलंबित मामलों की संख्या बढ़ती रही, जिसके फलस्वरूप स्थानीय आर्थिक विकास अवरुद्ध रहा एवं जनता में असंतोष पैदा हुआ। सीमा के समक्ष यह एक बड़ी नैतिक एवं प्रशासनिक चुनौती थी कि दैनिक प्रशासनिक गतिविधियों को बिना अवरुद्ध किए इस भ्रष्टाचार के तंत्र को कैसे तोड़ा जाय। इसकी यदि एक आक्रामक आंतरिक जाँच-पड़ताल की जाय, तो सांस्थानिक प्रतिरोध की आशंका है और साथ ही मजदूर-संगठन की ओर से भी प्रतिक्रिया आ सकती है। दूसरी ओर यदि वे इस स्थिति को अनदेखा करती हैं, तो भ्रष्टाचारियों को प्रोत्साहन मिलेगा और अनावश्यक रूप से आम लोगों का उत्पीड़न जारी रहेगा, जिसे अभी रोका जा सकता है। (a) इस प्रसंग के नैतिक मुद्दे कौन-से हैं? (b) सीमा के पास उपलब्ध विकल्पों पर विचार कीजिए। प्रस्तावित विकल्प को चिह्नित कर उसके औचित्य को रेखांकित कीजिए।

  4. मुख्य 2026 · GS Paper IV · 20 अंक

    विकास एक सरकारी अधिकारी है, जिसे दस वर्ष से अधिक लोक-प्रशासन का अनुभव है। हाल ही में उसकी नियुक्ति सुदूर पर्वतीय एवं वन के निकटवर्ती क्षेत्र नैनीपुरा के ज़िलाधिकारी (डी० सी०) के रूप में हुई है। नैनीपुरा के न्यून आर्थिक विकास के कारण उसका प्रमुख दायित्व है कि उस क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग (ई० डब्ल्यू० एस०) के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पी० डी० एस०) को ठीक से चलाए। क्षेत्र में दौरा करते समय विकास को ज्ञात हुआ कि वहाँ सार्वजनिक वितरण प्रणाली के क्रियान्वयन में एक विशेष प्रशासनिक चुनौती सामने आ रही है। स्रोतों के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए सभी वितरकों के लिए यह अनिवार्य किया गया था कि वे लाभार्थियों की वास्तविक समय बायोमेट्रिक पहचान सुनिश्चित करें, जिसके अंतर्गत उनकी अँगुलियों के निशानों के मिलान पहचान-पत्र के अभिलेखों से किया जाता था। किन्तु इससे अनेक समस्याएँ उत्पन्न हो रही थीं, क्योंकि यह प्रणाली बढ़ते बच्चों, श्रमिकों तथा वरिष्ठ नागरिकों के मामलों में अँगुलियों के निशानों का मिलान कभी-कभी स्वीकार नहीं करती थी। यह समस्या तब और गम्भीर हो जाती जब वाईफाई का सम्पर्क धीमा हो जाता था। ऐसे मामलों में जब वितरक ग्राहकों को पहचान पाते थे, तब वे अपने निजी आग्रह के अनुसार काम करते। विकास को प्राथमिकता से इस समस्या का निदान करना था। सरकारी नियमों का कठोरतापूर्वक पालन करने से वित्तीय शुचिता तो सुनिश्चित होगी पर इससे प्रभावित लाभार्थियों अर्थात् आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग को बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। इतना ही नहीं, यह संविधान के अनुच्छेद 21 द्वारा प्रदत्त उनके जीवन के मौलिक अधिकारों का भी हनन कर सकता है। दूसरी ओर इस समस्या का निदान यदि सिर्फ वितरकों के निजी आग्रहों पर छोड़ दिया जाय, तो इसका परिणाम स्रोतों का दुरुपयोग होगा। (a) विकास के समक्ष कौन-से विकल्प हैं? उसे नामित लाभार्थियों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखते हुए वित्तीय शुचिता से संतुलन कैसे स्थापित करना चाहिए? (b) कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के चयन में प्रौद्योगिकी के उपयोग की नैतिकता पर विचार कीजिए।

  5. मुख्य 2026 · GS Paper IV · 20 अंक

    राजापुरम एक सीमावर्ती ज़िला है। झारा और बीरू वहाँ के दो प्रमुख समुदाय हैं, जो प्रायः एक-दूसरे के साथ टकराव की स्थिति में रहते हैं। इसके कारण वहाँ का सामाजिक ताना-बाना बिगड़ गया है और उसे ठीक करने की आवश्यकता है। इन दोनों के बीच जो जातीय संघर्ष है, वह प्रायः हिंसा को जन्म देता है, जिसके कारण बहुत लोगों की मृत्यु हो गई है। इस तनाव के जो कारण बताए जाते हैं, वे हैं—ज़मीन पर दोनों गुटों के दावे, स्रोतों का असंतुलित बँटवारा और सरकारी संस्थाओं में उनका अपर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व। दोनों समुदायों के लिए अलग-अलग राहत शिविर बनाना पड़ा। स्थिति इतनी विषम हो गई है कि लगता है जल्द ही वह नियंत्रण से बाहर हो जाएगी। राजन को राजापुरम का ज़िलाधिकारी (डी० एम०) नियुक्त किया गया है। उसकी ज़िम्मेदारी है कि वह अतिशीघ्र स्थिति को नियंत्रण में ले। उसके प्राथमिक कार्य हैं—प्रशासनिक व्यवस्था की बहाली, राजमार्ग को खुलवाना एवं शांतिवार्ता को शुरू करना। पदभार ग्रहण करते ही राजन को ज्ञात हुआ कि समुदायों के बीच जो द्वंद्व है, वह स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस तक पहुँच गया है। चूँकि स्थानीय प्रशासन वहाँ निष्पक्ष नहीं रह गया था, इसलिए दोनों समुदायों का उस पर से विश्वास उठ गया था। पड़ोसी देश इस अवसर का लाभ उठाकर एवं आंतरिक विद्रोह को बढ़ावा देकर स्थिति को और खराब कर सकता था। एक संतुलित रवैये के साथ राजन ने राजमार्ग को खुलवाया ताकि खाद्यान्न और चिकित्सकीय वस्तुएँ लोगों तक पहुँचाई जा सकें। प्रशासनिक नियंत्रण की बहाली के लिए उसने सी० आर० पी० एफ० की मदद लेने पर भी विचार किया। (a) इस प्रसंग में उन नैतिक मुद्दों पर विचार कीजिए, जिन पर ध्यान देना आवश्यक है। (b) राजन के सामने क्या विकल्प हैं? नैतिकता को आहत किए बिना कौन-सा विकल्प उसकी निष्पक्षता की रक्षा सुनिश्चित करेगा?

  6. मुख्य 2026 · GS Paper IV · 20 अंक

    हाल ही में अजीत की पदोन्नति रक्षा उत्पादन मंत्रालय (एम० डी० पी०) के अंतर्गत हथियार बिक्री विभाग (डी० डब्ल्यू० एस०) के प्रमुख के रूप में हुई है। उसका प्रमुख दायित्व है—अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उन हथियारों का विक्रय, जिन्हें अपने देश में एम० डी० पी० तैयार करता है। पिछले दो युद्धों में एम० डी० पी० के हथियारों का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा, जिसके कारण कई देशों ने उन्हें खरीदने में रुचि दिखाई है—मुख्यतः लम्बी दूरी की मार करने वाले तोप और प्रक्षेपास्त्र। देश A और देश B ने इन हथियारों के लिए कहा है। आयुधों का उत्पादन सीमित होने के कारण, डी० डब्ल्यू० एस० इनमें से किसी एक देश को ही ये हथियार बेच सकता है। देश A विकासशील देश है और उसके पास एक अच्छा प्रौद्योगिक आधार है। एम० डी० पी० अगली पीढ़ी के आयुधों के निमित्त इस देश के साथ मिलकर अनुसंधान एवं विकास के लिए काम करने की योजना बना रहा है। देश A किसी सुरक्षा गठबंधन का हिस्सा नहीं है, उसे एक उपद्रवी पड़ोसी देश से सुरक्षा के लिए हथियारों की आवश्यकता है। वह दीर्घ अवधि के कर्ज़ पर अधिक मात्रा में हथियार खरीदना चाहता है। देश B भी एक विकासशील देश है। सैन्य शक्ति उसकी प्राथमिकता है, और सैन्य बजट प्रायः मानव संसाधन तथा अवसंरचना विकास के लिए आबंटनों में भी हस्तक्षेप कर जाता है। वह एक महाशक्ति के साथ सुरक्षा गठबंधन में है जिसकी वहाँ एक बड़ी सैन्य छावनी है और जो उसे समय-समय पर वित्तीय अनुदान प्रदान करती है। वह एक आर्थिक गुट का सदस्य है, जिसके साथ उसकी सरकार वर्तमान में एक मुक्त व्यापारिक समझौते पर बात कर रही है। वह परमाणु अप्रसार संधि (एन० पी० टी०) का हस्ताक्षरकर्ता नहीं है, किन्तु उसके पास लघु परमाणु हथियार तथा उसके प्रक्षेपण तंत्र उपलब्ध हैं। वह विदेशों में कुछ गुरिल्ला बलों को समर्थन प्रदान करता है। उसने अपेक्षाकृत छोटे स्तर के अधिग्रहण की इच्छा व्यक्त की है और अग्रिम भुगतान का कुछ भाग देने के लिए तैयार है। फिलहाल वह एक दूसरे देश से भी हथियार खरीदने की बात कर रहा है। सम्बद्ध विभागों के समकक्षों से अजीत ने इस विषय पर चर्चा की। उसमें इस बिक्री से होने वाले महत्त्वपूर्ण आर्थिक लाभों, रोज़गार सृजन तथा अधिक सुदृढ़ राजनयिक संबंधों को रेखांकित किया गया था। यह भी बल देकर कहा गया था कि यदि इस सौदे को अस्वीकार कर दिया गया, तो देश B किसी अन्य आपूर्तिकर्ता से हथियार खरीद सकता है। अजीत इस बात से अवगत था कि हथियारों की बिक्री में हर स्तर पर समुचित सतर्कता बरतना राष्ट्रीय नीति एवं अंतर्राष्ट्रीय संधियों की अनुरूपता सुनिश्चित करने के लिए बहुत आवश्यक है। (a) अजीत के पास उपलब्ध विकल्पों पर विचार करते हुए यह बताइए कि उसे कौन-सा विकल्प और क्यों चुनना चाहिए। (b) अजीत किस प्रकार राष्ट्र के आर्थिक और रणनीतिक हितों को नैतिक विचारों से संतुलित करेगा?

  7. मुख्य 2025 · GS Paper IV · 20 अंक

    विजय पिछले दो वर्षों से देश के पहाड़ी उत्तरी राज्य के सुदूर जिले के डिप्टी कमिश्नर थे । अगस्त महीने में पूरे राज्य में भारी बारिश हुई और इसके बाद उक्त जिले के ऊपरी इलाकों में बादल फट गए । पूरे राज्य में विशेष कर प्रभावित जिले में बहुत भारी क्षति हुई । पूरा सडक नेटवर्क और दूरसंचार बाधित हो गया । इमारतें बड़े पैमाने पर क्षतिग्रस्त हो गईं । लोगों के घर नष्ट हो गए और वे खुले में रहने को मजबूर हुए । 200 से अधिक लोग मारे गये और लगभग 5000 लोग बुरी तरह घायल हो गये । विजय के नेतृत्व में नागरिक प्रशासन सक्रिय हो गया और बचाव तथा राहत अभियान शुरू हो गया । बेघर और घायल लोगों को आश्रय एवं चिकित्सा सुविधाएँ प्रदान करने के लिए अस्थायी आश्रय शिविर तथा अस्पताल स्थापित किए गए । दूरदराज के इलाकों से बीमार और बूढ़े लोगों को निकालने के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएँ शुरू की गईं । विजय को अपने गृहनगर केरल से संदेश मिला कि उनकी माँ गंभीर रूप से बीमार हैं । दो दिन बाद विजय को दुर्भाग्यपूर्ण संदेश मिला कि उनकी माँ की मृत्यु हो गई है । विजय का एक बड़ी बहन के अलावा कोई करीबी रिश्तेदार न था । उनकी बड़ी बहन अमेरिकी नागरिक थीं और पिछले कई बर्षों से वहीं रह रही थीं । इस बीच पाँच दिनों के अंतराल के बाद फिर से शुरू हुई भारी बारिश के कारण प्रभावित जिले में स्थिति और खराब हो गई । वहीं, उनके मोबाइल पर अपने गृहनगर से माँ का अंतिम संस्कार करने के लिए जल्द से जल्द पहुँचने के लगातार संदेश आ रहे थे । (a) विजय के पास कौन से विकल्प उपलब्ध हैं ? (b) विजय को किन नैतिक दुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है ? (c) विजय द्वारा पहचाने गए प्रत्येक विकल्प का आलोचनात्मक मूल्यांकन और परीक्षण कीजिए । (d) आपके अनुसार विजय के लिए कौन सा विकल्प अपनाना सबसे उपयुक्त होगा और क्यों ?

  8. मुख्य 2025 · GS Paper IV · 20 अंक

    भारतीय संविधान में निहित राज्य के नीति निर्देशक सिद्धांतों के अनुरूप रोटी, कपड़ा और मकान की बुनियादी जरूरतों को सुनिश्चित करना सरकार का संवैधानिक दायित्व है । इस आदेश का पालन करते हुए, जिला प्रशासन ने समाज के बेघर और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आवास विकसित करने हेतु वनभूमि के एक हिस्से की सफाई का प्रस्ताव रखा । हालाँकि, प्रस्तावित भूमि पारिस्थितिक रूप से एक संवेदनशील क्षेत्र है जो सदियों पुराने पेड़ों, औषधीय पौधों और महत्वपूर्ण जैवविविधता से परिपूर्ण है । इसके अलावा, ये वन सूक्ष्म जलवायु और वर्षा को विनियमित करने, वन्यजीवों के लिए आश्रय प्रदान करने, मृत्तिका की उर्वरता बढ़ाने, भूमि/मृदा अपरदन रोकने एवं आदिवासी तथा खानाबदोश समुदायों की आजीविका को बनाए रखने में मदद करते हैं । पारिस्थितिक और सामाजिक लागतों के बावजूद, प्रशासन उक्त प्रस्ताव के पक्ष में तर्क देता है कि यह पहल मौलिक मानवाधिकारों को एक महत्वपूर्ण कल्याणपरक प्राथमिकता के रूप में संबोधित करती है । इसके अलावा, इस समावेशी आवास विकास के माध्यम से गरीबों के उत्थान और सशक्तिकरण से सरकार का कर्तव्य पूरा होगा । पुनः जंगली जानवरों के खतरे और बार-बार होनेवाले मानव-वन्यजीव संघर्ष के कारण ये वनक्षेत्र असुरक्षित हो गए हैं । अंत में, वनक्षेत्रों को साफ करने से इन इलाकों को कथित तौर पर छिपने के स्थानों के रूप में उपयोग करने वाले असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है, जिससे कानून और व्यवस्था में सुधार होगा । (a) क्या बेघरों के लिए सामाजिक कल्याणपरक उद्देश्यों की पूर्ति हेतु वनों की कटाई को नैतिक रूप से उचित ठहराया जा सकता है ? (b) मानव विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को संतुलित करने में समाजार्थिक, प्रशासनिक और नैतिक चुनौतियाँ क्या हैं ? (c) पर्यावरणीय अखंडता और मानवीय गरिमा – दोनों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए कौन से ठोस विकल्प या नीतिगत हस्तक्षेप प्रस्तावित किए जा सकते हैं ?

  9. मुख्य 2025 · GS Paper IV · 20 अंक

    सुभाष राज्य सरकार में लोकनिर्माण विभाग के सचिव हैं । वह एक वरिष्ठ अधिकारी हैं, जो अपनी योग्यता, निष्ठा और काम के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं । उन्हें लोकनिर्माण विभाग और कार्यक्रम कार्यान्वयन के प्रभारी मंत्री का भरोसा और विश्वास प्राप्त है । अपनी जॉब प्रोफाइल के अलावा वह राज्य में नीति निर्माण के लिए भी जिम्मेदार हैं । इसके अलावा, वह योजना, डिजाइनिंग और निर्माण आदि से संबंधित तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं की देखरेख करते हैं । सुभाष के मंत्री राज्य के एक महत्वपूर्ण मंत्री हैं और उनके कार्यकाल के दौरान शहरी बुनियादी ढाँचे के विकास और सड़क नेटवर्क में महत्वपूर्ण वृद्धि दर्ज की गई है । वह निकट भविष्य में महत्वाकांक्षी सड़क निर्माण परियोजना शुरू करने के लिए उत्सुक हैं । सुभाष मंत्री के साथ नियमित संपर्क में हैं और सड़क निर्माण परियोजना के विभिन्न तौर-तरीकों पर काम कर रहे हैं । मंत्री द्वारा परियोजना की औपचारिक सार्वजनिक घोषणा करने से पहले उनके द्वारा मंत्री के समक्ष नियमित बैठकें, चर्चाएँ और प्रस्तुतियाँ की जाती हैं । सुभाष का इकलौता बेटा विकास रियल एस्टेट बिजनेस में है । उनके बेटे को अपने सूत्रों से पता चलता है कि एक मेगा रोड परियोजना अंतिम चरण पर है और इस संबंध में किसी भी समय घोषणा होने की उम्मीद है । वह अपने पिता से आगामी प्रोजेक्ट का सटीक स्थान जानने के लिए बहुत उत्सुक हैं । उसे पता है कि आसपास की जमीन की कीमतों में भारी उछाल आएगा । इस स्तर पर सस्ती कीमतों पर जमीन खरीदने से उसे भरपूर लाभ मिलेगा । वह प्रस्तावित परियोजना का स्थान दिखाने के लिए दिन-रात अपने पिता से विनती कर रहा है । उसने उन्हें आश्वस्त किया कि वह इस मामले को सीधे संभालेगा क्योंकि इससे कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा । यह इसलिए कि वह स्वाभाविक रूप से अपने व्यवसाय के हिस्से के रूप में जमीन खरीदता रहता है । अपने बेटे की लगातार मिन्नतों के कारण वह दबाव महसूस करते हैं । इस मामले का एक अन्य महत्वपूर्ण पहलू लोक निर्माण विभाग के मंत्री द्वारा उपर्युक्त परियोजना में अतिरिक्त/अनुचित रुचि से संबंधित है । उनके भतीजे की भी बड़ी आधारभूत संरचनावाली परियोजना कंपनी थी । दरअसल, मंत्री ने अपने भतीजे का भी उनसे परिचय कराया है और उन्हें आगामी प्रोजेक्ट में भतीजे के व्यावसायिक हितों का ध्यान रखने का संकेत भी दिया है । मंत्री ने उन्हें इस मामले में तेजी से काम करने के लिए प्रोत्साहित किया क्योंकि मेगा रोड़ परियोजना की शीघ्र घोषणा और कार्यान्वयन से अपनी पार्टी और सार्वजनिक जीवन में उनकी स्थिति मजबूत होगी । उपर्युक्त पृष्ठभूमि में सुभाष भावी कार्रवाई को लेकर असमंजस में हैं । (a) उक्त मामले में शामिल नैतिक मुद्दों पर चर्चा कीजिए । (b) उपर्युक्त स्थिति में सुभाष के पास उपलब्ध विकल्पों का आलोचनात्मक परीक्षण कीजिए । (c) उपर्युक्त में से कौन सा सर्वाधिक उपयुक्त होगा और क्यों ?

  10. मुख्य 2025 · GS Paper IV · 20 अंक

    राजेश अपनी नौ साल की सेवा के साथ ग्रुप ए अधिकारी हैं । वह एक सार्वजनिक क्षेत्र के तेल उपक्रम में प्रशासनिक अधिकारी के रूप में तैनात हैं । एक प्रशासनिक अधिकारी के रूप में, वह कार्यालय के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रशासनिक कार्यों के प्रबंधन और समन्वय हेतु जिम्मेदार हैं । वह कार्यालय की आपूर्ति, उपकरण आदि का प्रबंधन भी करते हैं । राजेश अब काफी वरिष्ठ हो गए हैं और अगले एक या दो वर्षों में जेएजी (जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड) में उनकी पदोन्नति की उम्मीद है । वह जानते हैं कि पदोन्नति, डीपीसी (विभागीय पदोन्नति समिति) द्वारा अधिकारी की पिछले कुछ वर्षों (लगभग 5 वर्ष) की एसीआर/निष्पादन मूल्यांकन की जांच के आधार पर होती है तथा एसीआर में अपेक्षित ग्रेडिंग के अभाव वाले अधिकारी को पदोन्नति के लिए उपयुक्त नहीं पाया जा सकता है । पदोन्नति खोने के परिणामस्वरूप वित्तीय और प्रतिष्ठा संबंधी हानि हो सकती है तथा कैरियर की प्रगति में बाधा आ सकती है । यद्यपि वह अपने कर्तव्यों के निर्वहन में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करते हैं, फिर भी, वह अपने वरिष्ठ अधिकारी द्वारा किये जाने वाले मूल्यांकन के बारे में अनिश्चित हैं । अब वह अतिरिक्त प्रयास कर रहे हैं, ताकि वित्तीय वर्ष के अंत में उन्हें शानदार रिपोर्ट मिले । प्रशासनिक अधिकारी के रूप में राजेश नियमित रूप से अपने तात्कालिक बॉस के साथ बातचीत करते रहते हैं, जो उनकी एसीआर लिखने वाले रिपोर्टिंग अधिकारी हैं । एक दिन उन्होंने राजेश को बुलाया और कहा कि एक विशेष विक्रेता से प्राथमिकता के आधार पर कंप्यूटर से संबंधित स्टेशनरी खरीदें । राजेश अपने कार्यालय को इन वस्तुओं की खरीद के लिए कारवाई शुरू करने का निर्देश देते हैं । उसी दिन संबंधित सहायक उसी विक्रेता के सभी स्टेशनरी सामग्री सम्मिलित करते हुए पैंतीस लाख रुपये का अनुमान पत्र लाता है । यह देखा गया कि उस संगठन में लागू जीएफआर (सामान्य वित्तीय नियमों) के अनुसार, कार्यालय मदों के लिए तीस लाख रुपये से अधिक के व्यय के लिए अगले उच्च प्राधिकारी (वर्तमान मामले में बॉस) की मंजूरी की आवश्यकता होती है । राजेश को पता है कि उनके वरिष्ठ अधिकारी यह उम्मीद करेंगे कि ये सारी खरीदारी उनके स्तर पर हो और वे उनकी ओर से इस तरह की पहल की कमी को पसंद नहीं करेंगे । कार्यालय के साथ विचार-विमर्श के दौरान उन्हें पता चला कि उच्च प्राधिकारी से मंजूरी प्राप्त करने से बचने के लिए व्यय को विभाजित करने की सामान्य प्रथा (जहाँ बड़े ऑर्डर को छोटे ऑर्डर की एक श्रृंखला में विभाजित किया जाता है) का प्रचलन है । यह प्रथा नियमों के विरुद्ध है और लेखापरीक्षा के प्रतिकूल संज्ञान में आ सकती है । राजेश परेशान हैं । वह इस मामले में कोई निर्णय लेने में अनिश्चित हैं । (a) उपरोक्त स्थिति में राजेश के लिए क्या विकल्प उपलब्ध हैं ? (b) इस मामले में नैतिक मुद्दे क्या हैं ? (c) राजेश के लिए कौन सा विकल्प सबसे उपयुक्त होगा और क्यों ?

इनमें से किसी प्रश्न का उत्तर लिखें और लगभग एक मिनट में उसकी जाँच पाएँ — रोज़ 2 मुफ़्त।

उत्तर लिखें

सभी विषयों के PYQ → UPSC सबसे ज़्यादा क्या पूछता है →

इस पेज पर कोई ग़लती दिखी? बताएँ

ग़लत उत्तर, पुराना तथ्य, टाइपो या टूटा लिंक: हमें बताएँ। पुष्टि होने पर हम 48 घंटे के भीतर सुधार करते हैं।